भिलाई: चौहान ग्रीन वैली में महिलाओं ने श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया करवा चौथ पर्व…

भिलाई। पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और वैवाहिक सौभाग्य की कामना को लेकर चौहान ग्रीन वैली की माताओं और बहनों ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ करवा चौथ का व्रत रखा।

महिलाओं ने दिनभर निर्जला उपवास के बाद शाम को चलनी से चांद का दर्शन किया और अपने पतियों के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत तोड़ा।

इसके पश्चात माता करवा की पूजा-अर्चना कर पति की दीर्घायु, पारिवारिक सुख और समृद्धि की प्रार्थना की।

शास्त्रों में करवा चौथ व्रत को अत्यंत पवित्र और फलदायी माना गया है। मान्यता है कि चंद्रदेव की उपासना से सुख-सौभाग्य, उत्तम संतान, धन-धान्य और वैवाहिक जीवन की रक्षा होती है।

चंद्रमा को मन का अधिपति देवता माना गया है, जिनकी अमृतमयी किरणें मनुष्य के मानसिक एवं आध्यात्मिक संतुलन पर सकारात्मक प्रभाव डालती हैं।

चौहान ग्रीन वैली में पिछले 10 वर्षों से सामूहिक रूप से करवा चौथ का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन की प्रमुख वंदना वर्मा ने बताया कि हर वर्ष इस व्रत में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

उनके अनुसार, “इस व्रत को करने से मन में एक विशेष उत्साह और ऊर्जा का संचार होता है, जो पूरे वर्ष वैवाहिक जीवन में सकारात्मकता बनाए रखता है।”

पहले जहां यह पर्व मुख्य रूप से दिल्ली, हरियाणा और पंजाब क्षेत्र की सुहागन महिलाओं तक सीमित था, वहीं अब छत्तीसगढ़ में भी करवा चौथ बड़े ही हर्ष और श्रद्धा के साथ मनाया जाने लगा है।

चौहान ग्रीन वैली में इस अवसर पर सजावट, गीत-संगीत और पारंपरिक रस्मों के बीच महिलाओं ने करवा चौथ का पर्व धूमधाम से संपन्न किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *